Jul 02, 2026

झारखंड के दो बड़े जिलों की अदालतों पर हमले की धमकी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

post-img

दुमका। झारखंड के उपराजधानी दुमका से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे और न्यायिक जगत में हड़कंप मचा दिया है। दुमका और गोड्डा जिला अदालत (व्यवहार न्यायालय) को बम से उड़ाने और हमला करने की बड़ी धमकी दी गई है। यह धमकी भरा पत्र किसी और माध्यम से नहीं, बल्कि बकायदा स्पीड पोस्ट के जरिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश (डिस्ट्रिक्ट जज) के नाम भेजा गया है। पत्र मिलने के बाद से ही दुमका और गोड्डा दोनों जिलों की पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार खुद दलबल के साथ जांच के लिए कोर्ट परिसर पहुंचे। एसपी ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश को स्पीड पोस्ट से एक पत्र प्राप्त हुआ था। हैरान करने वाली बात यह है कि यह पत्र बांग्ला भाषा में लिखा गया है। इतना ही नहीं, साजिश को और उलझाने के लिए पत्र के साथ 'चंचल राय' नामक एक व्यक्ति के आधार कार्ड की प्रति (फोटोकॉपी) भी संलग्‍न की गई है। आधार कार्ड के अनुसार, उक्त व्यक्ति पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दमान जिले का रहने वाला है। न्यायाधीश की ओर से पत्र की कॉपी मिलते ही दुमका पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने तत्परता दिखाते हुए आधार कार्ड पर दर्ज पते को लोकेट किया और पश्चिम बंगाल के संबंधित थाने से संपर्क साधा। फिलहाल, चंचल राय को पश्चिम बंगाल पुलिस ने अपनी निगरानी में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में उसने इस तरह का कोई भी पत्र लिखने से साफ इनकार किया है। चंचल राय का कहना है कि उसे फंसाने के लिए किसी ने बहुत बड़ी साजिश रची है और उसके पहचान पत्र का गलत इस्तेमाल किया है। सच का पता लगाने के लिए दुमका पुलिस की एक विशेष टीम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो चुकी है, जो वहां पहुंचकर चंचल राय से गहन पूछताछ करेगी। न्यायाधीश महोदय को मिले पत्र के बाद पुलिस बेहद गंभीर है। चंचल राय नाम के व्यक्ति का आधार कार्ड पत्र के साथ था, जिससे बंगाल में पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह किसी की सोची-समझी साजिश लग रही है, लेकिन हम किसी भी इनपुट को हल्के में नहीं ले रहे हैं। धमकी भरे पत्र में दुमका के साथ-साथ पड़ोसी जिले गोड्डा के कोर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके बाद दुमका व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा अभेद्य कर दी गई है। एसपी खुद डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और भारी पुलिस बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे और चप्पे-चप्पे का बारीकी से निरीक्षण किया। अदालत परिसर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसपी ने बताया कि वैसे तो अदालतों की सुरक्षा हमेशा पुख्ता रहती है, लेकिन इस इनपुट के बाद सुरक्षा घेरे को और कड़ा कर दिया गया है। गोड्डा पुलिस को भी अलर्ट भेज दिया गया है ताकि वहां भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह पत्र कहां से पोस्ट किया गया था और इसके पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।