देहरादून। किसी भी राष्ट्र या प्रदेश की वास्तविक शक्ति उसकी सांस्कृतिक विविधता और अपनी जड़ों से जुड़ाव में निहित होती है। उत्तराखंड की देवभूमि इस बात की साक्षी रही है कि यहां के जनजातीय समाज ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाते हुए अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोक कलाओं और जीवन मूल्यों को सदियों से जीवंत रखा है। सोमवार को देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई) द्वारा आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखंड-2026’ न केवल इस समृद्ध विरासत का उत्सव बना, बल्कि जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की स्पष्ट नीति और नीयत का भी परिचायक बना।
उत्तराखंड की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने के साथ जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनजातीय समाज का विकास केवल आर्थिक और सामाजिक उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी सांस्कृतिक पहचान, रीति-रिवाजों और पारंपरिक विरासत को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है। सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, हर युवा आत्मनिर्भर बने और प्रत्येक बेटी शिक्षित एवं सशक्त हो। मुख्यमंत्री सोमवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राज्य जनजातीय शोध संस्थान की ओर से आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखंड-2026’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों और विशेषकर जनजातीय समाज को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने महोत्सव में जनजातीय संस्कृति एवं हस्तकला पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों तथा जनजातीय कलाकारों के हुनर की सराहना की। धामी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट जीवनशैली, प्रकृति के प्रति सम्मान और पारंपरिक मूल्यों से देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। आदि गौरव महोत्सव जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और जनजातीय इतिहास को समझने का अवसर देते हैं। भगवान बिरसा मुंडा के योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कम आयु में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उलगुलान का नेतृत्व किया और जल, जंगल तथा जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई, जिससे जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान मिली। मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जहां जनजातीय विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा और आवास की सुविधा दी जा रही है। पिथौरागढ़ में भोटिया और राजी जनजाति के बच्चों के लिए भी एकलव्य विद्यालय स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और तकनीकी प्रशिक्षण के लिए तीन जनजातीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान संचालित हैं। विद्यार्थियों को प्राथमिक से स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण और अन्य शैक्षिक सुविधाएं दी जा रही हैं। खटीमा में जनजातीय बालिका छात्रावास को स्वीकृति दी गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में सहायता मिलेगी। धामी ने कहा कि जनजातीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना शुरू की गई है। पात्र अनुसूचित जनजाति परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। योजनाओं की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पिथौरागढ़, देहरादून, चमोली और ऊधमसिंह नगर में जिला जनजाति कल्याण अधिकारियों के पद सृजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए महोत्सव, खेल महोत्सव और विज्ञान महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये के कोष की व्यवस्था की गई है, जिससे शोध, अध्ययन और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव में प्रदर्शित हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पाद जनजातीय समाज की मेहनत, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता का परिचय देते हैं।
Trending
उत्तराखंड पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम धामी ने किया स्वागत,हरिद्वार कार्यसमिति में 2027 चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन
श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम: रुद्रपुर में भव्य नगर कीर्तन से गूंजी गुरुवाणी, सामाजिक सरोकारों का दिया संदेश
अर्धकुंभ में अभेद्य होगा सुरक्षा चक्र: मेला क्षेत्र में बनेंगे 36 थाने,एटीएस और एनएसजी की तैनाती पर मंथन
एसएसपी बुलंदशहर ने जताई तंत्र क्रिया के बाद हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
उत्तराखंड में कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: डीए में बढ़ोतरी, 178 पुलिसकर्मियों को ओपीएस की सौगात और ₹155.96 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी
कच्छ हाईवे पर भीषण हादसा: उत्तराखंड के सैनिक परिवार के तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत, पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख
25 दिसंबर से भाजपा की 'जनआशीर्वाद यात्रा': गंगोत्री धाम और गोल्ज्यू देवता मंदिर से होगा आगाज,2488 किलोमीटर का सफर तय करेगी पार्टी
उत्तराखंड उच्च शिक्षा में बड़े फैसले: अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़कर ₹57700 होगा, एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट
आदि गौरव महोत्सव का भव्य आगाज! सीएम धामी ने जनजातीय समाज के सर्वांगीण उत्थान
- by News Desk
- Nov 16, 2026